रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष पं. दिनेश फलाहारी महाराज ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर आगामी कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं धार्मिक आस्था से जुड़े विषयों पर विशेष सतर्कता बरतने की मांग की है।
पत्र में उन्होंने अनुरोध किया है कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर पहचान छिपाकर या भेष बदलकर व्यापार करने वाले लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि यात्रा मार्ग पर खाद्य सामग्री एवं अन्य सेवाएं उपलब्ध कराने वाले व्यक्तियों की पहचान का सत्यापन कराया जाए, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
उन्होंने पत्र में आशंका व्यक्त करते हुए कहा कि यात्रा के दौरान धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने या कांवड़ियों की आस्था प्रभावित करने वाली घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन को विशेष निगरानी रखनी चाहिए। साथ ही कांवड़ यात्रा मार्ग पर पर्याप्त पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने और महिला श्रद्धालुओं सहित सभी यात्रियों की सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम करने की भी मांग की गई है।
फलाहारी महाराज ने मुख्यमंत्री से कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का अनुरोध किया है।
