रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह विवाद को लेकर हिंदू पक्ष के अधिवक्ता डॉ. ए.पी. सिंह ने मध्यस्थता के संबंध में एक नया प्रस्ताव सामने रखा है। उन्होंने कहा कि यदि दोनों पक्ष आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ समाधान के लिए आगे आते हैं तो मेवात में मस्जिद निर्माण के लिए 10 एकड़ भूमि उपलब्ध कराने के साथ उसके निर्माण में आर्थिक सहयोग देने के लिए भी हिंदू पक्ष तैयार है।
डॉ. ए.पी. सिंह का कहना है कि मेवात क्षेत्र में मुस्लिम समुदाय की आबादी अधिक है, जबकि मथुरा भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थली होने के कारण करोड़ों कृष्ण भक्तों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में दोनों पक्षों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए यह प्रस्ताव विवाद के समाधान का एक व्यावहारिक आधार बन सकता है।
उन्होंने कहा कि यदि मुस्लिम समुदाय आपसी भाईचारे की भावना के साथ इस दिशा में सकारात्मक पहल करता है तो हिंदू पक्ष भी समान भावना के साथ सहयोग करने को तैयार है।