वृंदावन में टेंपो और ई-रिक्शा के लिए नए स्टैंड की तैयारी, नगर निगम और पुलिस ने वृंदावन सिविल सोसाइटी के साथ किया स्थलीय निरीक्षण।

Vijaydoot News

वृंदावन। शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से मथुरा-वृंदावन नगर निगम एवं वृंदावन पुलिस प्रशासन ने बुधवार को टेंपो एवं ई-रिक्शा चालकों के लिए प्रस्तावित पार्किंग एवं स्टैंड स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पुराने टेंपो स्टैंड तथा पंचायती गौशाला के समीप स्थित स्थान का अवलोकन किया। निरीक्षण में पाया गया कि इस स्थान पर पहले से ही सुलभ शौचालय, पेयजल की प्याऊ तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे इसे टेंपो एवं ई-रिक्शा स्टैंड के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि प्रस्ताव को अंतिम रूप मिलने के बाद यहां टेंपो और ई-रिक्शा चालकों को नियमित स्टैंड की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लागू होने के बाद शहर के भीतरी क्षेत्र में टेंपो का अनियंत्रित प्रवेश रोकने की योजना है। यात्री निर्धारित स्टैंड से ही टेंपो एवं ई-रिक्शा की सुविधा प्राप्त कर सकेंगे, जिससे शहर में जाम की समस्या कम होगी और यातायात व्यवस्था अधिक सुचारू बनेगी।

इस संयुक्त निरीक्षण में मथुरा-वृंदावन नगर निगम के अपर नगर आयुक्त सीपी पाठक, वृंदावन कोतवाली प्रभारी अश्विनी कुमार तथा वृंदावन सिविल सोसायटी की कोर कमेटी के सदस्य अभय वशिष्ठ, अमित शर्मा, सोहन सिंह सिसोदिया, विष्णु शर्मा एवं रवि यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि प्रस्तावित स्टैंड को शीघ्र स्वीकृति मिल जाती है तो वृंदावन की यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा तथा श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को आवागमन में अधिक सुविधा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *