•मथुरा में पहली बार होगी पूर्णतः मोबाइल आधारित ऑनलाइन कंप्यूटर प्रतियोगिता।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। जन सांस्कृतिक मंच, मथुरा अपने स्वर्ण जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में 23 अगस्त 2026 (रविवार) को रतन लाल फूल कटोरी बालिका विद्यालय, मथुरा में “मथुरा कंप्यूटर ओलम्पियाड–2026” का आयोजन करने जा रहा है। यह प्रतियोगिता सीबीएसई एवं आईसीएसई बोर्ड की कक्षा 10, 11 एवं 12 के विद्यार्थियों के लिए आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में कंप्यूटर शिक्षा, डिजिटल तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस), साइबर सुरक्षा, डिजिटल साक्षरता तथा तार्किक क्षमता के प्रति रुचि विकसित करना तथा उनकी तकनीकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करना है।
आयोजकों के अनुसार, मथुरा जनपद में पहली बार किसी कंप्यूटर प्रतियोगिता का आयोजन पूर्णतः मोबाइल आधारित ऑनलाइन परीक्षा प्रणाली के माध्यम से किया जा रहा है। प्रतियोगिता की डिजिटल व्यवस्था इस प्रकार विकसित की गई है कि विद्यार्थी अपने मोबाइल फ़ोन के माध्यम से निर्धारित समय पर परीक्षा देंगे। परीक्षा समाप्त होते ही परिणाम तत्काल घोषित कर दिए जाएंगे तथा उसी समय विजेता विद्यार्थियों को मंच से पुरस्कार प्रदान कर दिए जाएंगे। इससे विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को परिणाम की प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ेगी तथा पूरी प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष एवं समयबद्ध रहेगी।
प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार ₹11,000, द्वितीय पुरस्कार ₹5,100, तृतीय पुरस्कार ₹3,100 तथा 10 सांत्वना पुरस्कार ₹1,100-₹1,100 प्रदान किए जाएंगे।पंजीकरण की अंतिम तिथि 10 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। पंजीकरण गूगल फ़ॉर्म के माध्यम से किया जाएगा। गूगल फ़ॉर्म का लिंक एवं आवश्यक दिशा-निर्देश मथुरा जनपद के सभी सीबीएसई एवं आईसीएसई विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को भेजे जा चुके हैं।
सभी विद्यालयों से अनुरोध किया गया है कि वे अधिक से अधिक विद्यार्थियों का समय पर पंजीकरण सुनिश्चित कर इस अभिनव प्रतियोगिता में सहभागिता कराएँ।
इस अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता में जन सांस्कृतिक मंच द्वारा आयोजित मथुरा कंप्यूटर ओलम्पियाड–2026 की विस्तृत जानकारी मीडिया प्रतिनिधियों को दी गई।जन सांस्कृतिक मंच के अध्यक्ष राज किशोर अग्रवाल ने कहा कि मंच अपने स्वर्ण जयंती वर्ष में शिक्षा एवं तकनीक के क्षेत्र में यह अभिनव पहल कर रहा है।
उन्होंने कहा कि मथुरा कंप्यूटर ओलम्पियाड विद्यार्थियों की प्रतिभा को नई पहचान दिलाने तथा उनमें वैज्ञानिक सोच, तकनीकी दक्षता एवं नवाचार की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। उन्होंने जनपद के सभी विद्यालयों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की।
कार्यक्रम के मुख्य संयोजक एवं मथुरा के प्रसिद्ध उद्योगपति पवन चतुर्वेदी ने कहा कि आज के समय में तकनीकी शिक्षा प्रत्येक विद्यार्थी की आवश्यकता बन चुकी है। उन्होंने कहा कि मथुरा कंप्यूटर ओलम्पियाड विद्यार्थियों को नई तकनीकों से जोड़ने, उनकी प्रतिभा को पहचान दिलाने तथा उन्हें भविष्य की प्रतिस्पर्धी दुनिया के लिए तैयार करने का एक सार्थक प्रयास है। उन्होंने सभी नागरिकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से “स्वच्छ ब्रज” के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का भी आह्वान किया।
कंप्यूटर ओलम्पियाड की तकनीकी प्रमुख, केडटी कंप्यूटर सेंटर की निदेशिका इंजीनियर कल्पना गर्ग ने बताया कि प्रतियोगिता की संपूर्ण तकनीकी व्यवस्था आधुनिक, सुरक्षित एवं पारदर्शी ऑनलाइन प्रणाली पर आधारित होगी।
उन्होंने कहा कि मथुरा में पहली बार विद्यार्थी अपने मोबाइल फ़ोन के माध्यम से ऑनलाइन प्रतियोगिता में भाग लेंगे। परीक्षा समाप्त होते ही परिणाम तत्काल घोषित किए जाएंगे तथा उसी समय विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर दिए जाएंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह प्रतियोगिता जनपद में तकनीक आधारित शिक्षा को नई दिशा प्रदान करेगी।
प्रेस वार्ता के अंत में सभी वक्ताओं ने संयुक्त रूप से मथुरा जनपद के सभी सीबीएसई एवं आईसीएसई विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से अपील की कि वे 10 अगस्त 2026 तक गूगल फ़ॉर्म के माध्यम से पंजीकरण कराकर 23 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले मथुरा कंप्यूटर ओलम्पियाड–2026 में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें।
प्रेस वार्ता का संचालन जन सांस्कृतिक मंच के सचिव रवि प्रकाश भारद्वाज ने किया।प्रेस वार्ता के दौरान केडटी कंप्यूटर सेंटर के संस्थापक एवं तकनीकी सलाहकार आशुतोष गर्ग, कार्यक्रम के मुख्य व्यवस्थापक भूपेन्द्र अग्रवाल काजू वाले जन सांस्कृतिक मंच के पूर्व सचिव सुनील आचार्य, डॉ धर्मराज , कोषाध्यक्ष मुरारी लाल अग्रवाल भी उपस्थित रहे।