हनुमान मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी करने का आरोपी गिरफ्तार, मुकुट बरामद।

Spread the love

अदलहाट पुलिस ने 24 घंटे के भीतर किया खुलासा, आरोपी को न्यायालय भेजा गया।

मिर्जापुर। थाना अदलहाट पुलिस ने हनुमान मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी होने के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी गया मुकुट बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, थाना अदलहाट क्षेत्र के टेढ़ुआ निवासी अरुण कुमार मिश्रा ने 19 जुलाई 2026 को हनुमान मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी होने की लिखित तहरीर दी थी। शिकायत के आधार पर थाना अदलहाट में मु.अ.सं. 175/2026 के तहत धारा 305(बी) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने घटना को गंभीरता से लेते हुए चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक अदलहाट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की।

इसी क्रम में 20 जुलाई 2026 को उपनिरीक्षक सुशील कुमार सिंह ने पुलिस टीम के साथ हिमांशु त्रिपाठी पुत्र कृष्णकांत त्रिपाठी, निवासी राधाकृष्ण मंदिर, घनश्यामपुर घसरौड़ी, थाना जमालपुर, जनपद मिर्जापुर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी गया चांदी का मुकुट (सफेद धातु) भी बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *