•जीजा पर जबरन शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने का आरोप।
गोरखपुर। सहजनवा थाना क्षेत्र की एक विवाहिता ने अपने पति, सास, ससुर, देवर एवं ननद के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं पीड़िता ने अपने जीजा पर जबरन शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने का भी आरोप लगाया है।
पुलिस को दी गई तहरीर में करीना पत्नी हरिओम साहनी, निवासी हड़हा सोनबरसा ने बताया कि उसकी शादी 19 जून 2024 को हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हरिओम पुत्र रुदल निवासी हड़हा सोनबरसा के साथ हुई थी। शादी के बाद वह अपने ससुराल में रहने लगी। विवाह के करीब एक माह बाद वह गर्भवती हो गई। इसी दौरान उसका पति एक दुष्कर्म मामले में जेल चला गया।
पीड़िता ने बताया कि सात माह बाद उसने एक बच्चे को जन्म दिया, जिसकी वर्तमान उम्र लगभग एक वर्ष है। आरोप है कि बाद में पति फिर किसी पुराने मुकदमे में जेल चला गया, जिसके बाद ससुराल पक्ष के लोग दहेज में एक लाख रुपये की मांग करने लगे। दहेज देने से इंकार करने पर 1 जुलाई 2025 को ससुराल वालों ने गाली-गलौज करते हुए उसे घर से बाहर निकाल दिया।
पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान उसके जीजा विजय ने मौके का फायदा उठाते हुए उस पर जबरन शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। साथ ही पति द्वारा भी प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति हरिओम निषाद, ससुर रुदल, सास मंशा देवी, ननद शांति एवं देवर ओमकार निषाद के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है। वहीं विजय के खिलाफ छेड़छाड़ सहित संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।