•श्रद्धांजलि सभा में नेताओं ने उनके संघर्ष और शोषित-वंचितों के अधिकारों के लिए किए गए कार्यों को किया नमन।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। समाजवादी पार्टी की बाबा साहब आंबेडकर वाहिनी की ओर से सामाजिक न्याय की प्रतीक एवं पूर्व सांसद स्वर्गीय फूलन देवी की पुण्यतिथि पर रविवार को सोंख रोड स्थित समाजवादी पार्टी प्रत्याशी कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत समाजवादी कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय फूलन देवी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा दो मिनट का मौन रखकर की। इस दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने उनके संघर्ष, त्याग और सामाजिक न्याय के लिए किए गए योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
बाबा साहब आंबेडकर वाहिनी के महानगर अध्यक्ष रमेश सैनी ने कहा कि फूलन देवी साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर संसद तक पहुंचीं और उन्होंने शोषित, वंचित तथा महिलाओं के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनका जीवन अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने और सामाजिक बदलाव का प्रतीक है।
पूर्व अध्यक्ष एवं अधिवक्ता सभा के पूर्व अध्यक्ष गौरव किशनपुरियां ने कहा कि समाज में आज भी व्याप्त भेदभाव और शोषण को समाप्त करने के लिए फूलन देवी के विचारों को अपनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय के उनके सिद्धांतों पर चलते हुए पीडीए की राजनीति को आगे बढ़ा रही है।
इस अवसर पर महानगर उपाध्यक्ष देवेंद्र निषाद, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद लोधी, बबलू कश्यप, सुधीर कुशवाहा, नरेंद्र ठाकुर, सूरज चौधरी, लवकुश चौधरी, गजेंद्र शर्मा सहित अन्य समाजवादी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।