मां बनी ‘डायन’! सनसनीखेज वारदात: खेल-खेल में तीन साल के मासूम की मौत, एक महीने बाद खुला राज।

Vijaydoot News

मथुरा। थाना बलदेव क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव छौली में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक कलयुगी मां द्वारा खेल-खेल में और मारपीट के दौरान अपने ही तीन साल के मासूम बच्चे का गला दबाकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, दिनांक 27 जुलाई 2026 की शाम करीब 7:30 बजे पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 के माध्यम से थाना बलदेव पुलिस को एक सूचना मिली। यह कॉल गांव छौली निवासी गोविंद गुप्ता ने की थी। गोविंद गुप्ता ने पुलिस को बताया कि उनके भाई की पत्नी ने अपने ही तीन साल के बच्चे की गला दबाकर हत्या कर दी है। इस गंभीर सूचना को पाते ही थाना प्रभारी बलदेव भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और मामले की छानबीन शुरू की।

एक महीने पहले की है घटना, पति से छुपाया सच
पुलिस जांच और क्षेत्राधिकारी महावन संजीव कुमार राय से मिली जानकारी के मुताबिक, यह खौफनाक वारदात करीब एक महीने पहले यानी 28 जून 2026 को घटित हुई थी। आरोपी महिला रुचि गुप्ता का तीन साल का बच्चा घर में खेल रहा था और काफी उधम (शरारत) मचा रहा था। रुचि गुप्ता ने उसे रोकने का प्रयास किया और इसी दौरान उसने बच्चे के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान महिला द्वारा बच्चे का ‘एक्सीडेंटली’ (अनजाने में) गला दब गया, जिससे मासूम की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद घबराई रुचि गुप्ता ने यह बात अपने पति और परिवार से छुपा ली। उसने अपने पति को झूठ बोला कि बच्चा काफी देर से सो रहा है और उठ नहीं रहा है। पत्नी की बात सुनकर पति आनन-फानन में बच्चे को लेकर सिम्स (SIMS) हॉस्पिटल पहुंचा। वहां डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद तसल्ली के लिए पति उसे अन्य अस्पतालों में भी ले गया, लेकिन हर जगह डॉक्टरों ने उसे मृत ही बताया। रुचि ने तब भी अपने पति को असलियत नहीं बताई कि बच्चे की मौत गला दबने से हुई है। बीमारी या सामान्य मौत समझकर परिजनों ने बिना किसी पुलिस कार्रवाई के बच्चे का अंतिम संस्कार भी कर दिया।

बीते दिन आरोपी महिला रुचि गुप्ता ने ग्लानि या किसी अन्य वजह से अपने पति के सामने अपना जुर्म कबूल (कन्फेस) कर लिया। उसने पति को बताया कि उस दिन एक्सीडेंटली उसके हाथों बच्चे का गला दब गया था, जिससे उसकी जान चली गई। पत्नी के मुंह से यह सच सुनते ही परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

क्षेत्राधिकारी (CO) महावन, संजीव कुमार राय ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। पीड़ित परिजनों की तरफ से पुलिस को तहरीर दे दी गई है। तहरीर के आधार पर थाना बलदेव में सुसंगत व गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की गहनता से जांच और आवश्यक विधिक (कानूनी) कार्रवाई शुरू कर दी है।

बाइट – संजीव कुमार राय, सीओ महावन