सहजनवा(गोरखपुर)। लगातार हो रही बारिश के कारण गीडा सेक्टर-26 के पास हाईवे से मगहर जाने वाले कसरवल रेलवे अंडरपास में जलभराव हो गया है। अंडरपास में पानी भर जाने से मार्ग पर आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो गया है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
अंडरपास में पानी भरने के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहनों का आवागमन बंद होने की स्थिति बन गई है। ऐसे में मगहर और आसपास के गांवों के लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए बाईपास मार्ग का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे उन्हें करीब तीन से चार किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है, जिससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान हर वर्ष इस अंडरपास में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया है। लोगों ने संबंधित विभाग से अंडरपास से पानी की तत्काल निकासी कराने तथा जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि आमजन को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके।