मिश्रिख में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा पर उठे सवाल, दो दिनों में छेड़छाड़ और दुष्कर्म की घटनाओं से दहशत।

Vijaydoot News

मिश्रिख (सीतापुर)। मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र में महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों की लगातार सामने आ रही घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को लेकर चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों के बावजूद क्षेत्र में दो दिनों के भीतर छेड़छाड़ और एक मासूम बालिका के साथ कथित दुष्कर्म की घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।

पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई की शाम को कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बलियापुर में पांच वर्षीय बालिका के साथ कथित दुष्कर्म की घटना सामने आई। बताया गया कि बच्ची के माता-पिता किसी काम से बाहर गए हुए थे और वह अपने दादा के साथ घर पर थी। शाम के समय गांव का ही एक व्यक्ति कथित रूप से उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।

परिजनों के अनुसार, बच्ची रोते हुए घर लौटी और घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। मामले की जांच जारी है।

इससे एक दिन पहले नैमिषारण्य-कल्ली मार्ग पर स्कूल से साइकिल से घर लौट रही दो छात्राओं के साथ कथित छेड़छाड़ की घटना भी सामने आई थी। आरोप है कि मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने रास्ते में छात्राओं से अभद्रता की। शोर सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे और एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य मौके से फरार हो गए। बाद में पुलिस ने फरार दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।

दो दिनों के भीतर सामने आई इन घटनाओं से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।