उमस भरी गर्मी के चलते परिषदीय स्कूलों का समय बदलने की मांग।

Vijaydoot News

बलदेव। उमस भरी गर्मी के कारण परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों को स्कूल से घर लौटते समय भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में स्कूलों की छुट्टी दोपहर 2 बजे होती है, जो दिन का सबसे अधिक गर्म समय होता है। तेज धूप और उमस के कारण छोटे-छोटे बच्चों के चेहरे लाल पड़ जाते हैं तथा उन्हें अत्यधिक गर्मी झेलनी पड़ती है।

ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की समस्या भी बनी हुई है। कई विद्यालयों में नियमित बिजली न होने से पंखे नहीं चल पाते, जिससे बच्चों और शिक्षकों को उमस व गर्मी में पढ़ाई करनी पड़ती है।

इन परिस्थितियों को देखते हुए अभिभावकों व शिक्षक नेता योगेश चौधरी,विश्वेंद्र सिंह,करतार सिंह,कर्मवीर सिंह,विक्रम सिंह,सुजीत वर्मा आदि ने जिलाधिकारी मथुरा से मांग की है कि परिषदीय विद्यालयों का समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक किया जाए, ताकि बच्चों को भीषण गर्मी से राहत मिल सके और उनका स्वास्थ्य भी सुरक्षित रहे।