बस्ती। समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक शनिवार को पार्टी कार्यालय में जिलाध्यक्ष एवं बस्ती सदर विधायक महेन्द्रनाथ यादव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर जिले की सभी पांच विधानसभा क्षेत्रों में बूथ स्तर की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।


बैठक को संबोधित करते हुए महेन्द्रनाथ यादव ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाएं तथा लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि जिन समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान संभव न हो, उनकी जानकारी पार्टी कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए ताकि पीड़ितों को न्याय दिलाने का प्रयास किया जा सके।
उन्होंने बताया कि 5 अगस्त को पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ समाजवादी नेता जनेश्वर मिश्र की जयंती तथा 10 अगस्त को पूर्व सांसद फूलन देवी की जयंती पार्टी कार्यालय पर मनाई जाएगी।
बैठक में पूर्व विधायक राजमणि पाण्डेय, विधायक कविन्द्र चौधरी ‘अतुल’ सहित कई नेताओं ने कहा कि मजबूत बूथ संगठन ही 2027 के विधानसभा चुनाव में सफलता की कुंजी होगा। वक्ताओं ने विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर अपनी बात रखते हुए कहा कि जनता बदलाव चाहती है और समाजवादी कार्यकर्ताओं को जनभावनाओं के अनुरूप लोगों के बीच जाकर संगठन को और मजबूत करना चाहिए। बैठक में पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।