रिपोर्ट: विजय नागपाल।
वृंदावन। अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन 8 एवं 9 अगस्त को मध्य प्रदेश के ओंकारेश्वर में आयोजित किया जाएगा। अधिवेशन में मथुरा-वृंदावन सहित संपूर्ण ब्रज क्षेत्र से सैकड़ों विप्रजन भाग लेंगे। इसकी जानकारी श्रीराम मंदिर, रामबाग, ज्ञान गुदड़ी, वृंदावन में आयोजित पत्रकार वार्ता में संगठन के पदाधिकारियों ने दी।
ब्रज प्रदेश अध्यक्ष पं. बिहारी लाल वशिष्ठ एवं जिलाध्यक्ष इं. राजकुमार शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय अधिवेशन में वर्तमान सामाजिक एवं राष्ट्रीय परिदृश्य में ब्राह्मण समाज की भूमिका, संगठन की मजबूती, सामाजिक समरसता तथा समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ब्राह्मण समाज को लेकर की जा रही अनावश्यक टिप्पणियों से समाज में असंतोष का माहौल बन रहा है। ऐसे में समाज को संगठित होकर अपनी सामाजिक एवं लोकतांत्रिक भूमिका को और सशक्त बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी राजनीतिक दल को ब्राह्मण समाज को केवल वोट बैंक के रूप में नहीं देखना चाहिए।
महामंडलेश्वर डॉ. आदित्यानंद महाराज एवं महासचिव पं. राजेश पाठक ने बताया कि ब्रज क्षेत्र से प्रतिनिधिमंडल 7 अगस्त को रेल एवं निजी वाहनों से ओंकारेश्वर के लिए रवाना होगा। वहीं महंत श्री रघुवंश भूषण आचार्य महाराज ने कहा कि ब्राह्मण समाज सदैव ज्ञान, संस्कृति और धर्म परंपरा का संवाहक रहा है तथा समाज को अपनी एकजुटता और दायित्वबोध बनाए रखना चाहिए।
पत्रकार वार्ता में महानगर अध्यक्ष सुभाष गौड़ (लाला पहलवान), पं. राजनारायण गौड़, पं. जयराम शर्मा, धर्मेंद्र गौतम ‘लीला’, आचार्य श्री हरि सुरेशाचार्य, अनिल शास्त्री, राजेश शास्त्री, पं. रामबाबू शर्मा, गोविंद शर्मा, बालो पंडित, आचार्य गोपाल मिश्र सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं विप्र समाज के लोग उपस्थित रहे।