बरसाना में “एक पेड़ माँ राधे के नाम” अभियान का शुभारंभ, 5000 पौधों के रोपण का लिया संकल्प।

Vijaydoot News

बरसाना (मथुरा), 1 अगस्त। पर्यावरण संरक्षण एवं ब्रज संस्कृति के संवर्धन को समर्पित “एक पेड़ माँ राधे के नाम” अभियान के तहत लायंस क्लब दिल्ली श्री राधा (डिस्ट्रिक्ट 321 A1) द्वारा शनिवार को माताजी गौशाला, बरसाना में वृक्षारोपण महाअभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के अंतर्गत 5000 पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

यह अभियान संत रमेश बाबा के आह्वान “एक पेड़ माँ राधे के नाम” से प्रेरित है। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ब्रज की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रति लोगों में जागरूकता और सम्मान की भावना को मजबूत करना है।

माताजी गौशाला में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ परम पूज्य रमेश बाबा के सान्निध्य एवं आशीर्वाद से हुआ। इस अवसर पर गौशाला अध्यक्ष ब्रज शरण महाराज, राधाकांत शास्त्री, सुनील सिंह ब्रजदास, हिमांशु शर्मा सहित लायंस क्लब के पदाधिकारियों, समाजसेवियों, पर्यावरण प्रेमियों एवं स्थानीय नागरिकों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

वक्ताओं ने कहा कि ब्रजभूमि की पहचान केवल श्रीराधा-कृष्ण की दिव्य लीलाओं से ही नहीं, बल्कि यहां के कदंब, तमाल, पीपल, वट और वन-उपवनों से भी है। धार्मिक ग्रंथों में वृक्षों को जीवनदाता और पुण्य का आधार बताया गया है। उन्होंने कहा कि ब्रज में लगाया गया प्रत्येक पौधा पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए संस्कृति और प्राकृतिक धरोहर के संरक्षण का भी माध्यम बनेगा।

कार्यक्रम में लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 ए-1 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन संदीप कुमार, फर्स्ट लेडी ऑफ द डिस्ट्रिक्ट लायन रेनू वर्मा, कैबिनेट सेक्रेटरी लायन शैलेंद्र सिंघल, कैबिनेट पीआरओ आर.के. वरमानी, गुड़गांव क्लब के चार्टर प्रेसिडेंट हेमंत मोंगिया, इमीडियेट पास्ट डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन ओंकार सिंह रेनू, फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन प्रतिभा अग्रवाल, सेकंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन आर.के. जग्गी, पास्ट डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन प्रदीप सिंघल, लायन सुनीता सिंघल, लायन अनिल अरोड़ा, काजल अरोड़ा, लायंस क्लब दिल्ली श्रीराधा के अध्यक्ष विनोद जायसवाल, चार्टर अध्यक्ष प्रीति होरा, कोषाध्यक्ष प्रदीप होरा, रीता गुप्ता, सुधीर शुक्ला, मधु शर्मा, ऋचा शर्मा, पूनम अग्रवाल, विनोद गोयल, लक्ष्मीनारायण सहित अनेक लायंस सदस्य, पर्यावरण प्रेमी अमित भारद्वाज, अनीता अग्रवाल, सुमंत कांत पालीवाल, डॉ. अमर सिंह पौनिया एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

अंत में आयोजकों ने सभी नागरिकों से “एक पेड़ माँ राधे के नाम” अभियान से जुड़कर कम से कम एक पौधा लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण के इस जनआंदोलन को सफल बनाने की अपील की।