भाजपा सांसद कंगना रनौत के बयान पर भड़कें मथुरा कांग्रेस महानगर अध्यक्ष यतेन्द्र मुकद्दम बोले माफी मांगें नहीं तो दर्ज कराएंगे FIR।

Vijaydoot News

मथुरा। महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पंडित यतेन्द्र मुकद्दम ने भाजपा सांसद कंगना रनौत द्वारा महिलाओं के प्रति दी गई कथित टिप्पणी को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इस बयान को देश की करोड़ों बेटियों बहनों और महिलाओं की गरिमा पर सीधा आघात बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है।

जारी प्रेस नोट में कांग्रेस अध्यक्ष यतेन्द्र मुकद्दम ने कहा कि एक महिला सांसद द्वारा इस तरह की अमर्यादित और अपमानजनक भाषा का प्रयोग बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कंगना की पृष्ठभूमि पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह खुद लंबे समय तक फिल्म जगत से जुड़ी रही हैं और आधुनिक जीवनशैली अपनाती रही हैं। ऐसे में देश की महिलाओं के पहनावे और जीवनशैली पर सवाल उठाना उनकी दोहरी मानसिकता को उजागर करता है। किसी भी जनप्रतिनिधि को देश की नारियों का अपमान करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।

उन्होंने आगे कहा कि आज भारत की महिलाएं शिक्षा विज्ञान सेना न्यायपालिका खेल और राजनीति जैसे हर क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर रही हैं ऐसे दौर में इस तरह का बयान उनकी उपलब्धियों का अपमान है। महानगर कांग्रेस कमेटी ने भारतीय जनता पार्टी से इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करने और कंगना रनौत से सार्वजनिक रूप से बिना शर्त माफी मंगवाने की मांग की है।

पंडित यतेन्द्र मुकद्दम ने चेतावनी दी है कि यदि भाजपा और उनकी सांसद माफी नहीं मांगती हैं तो कानूनी सलाह लेकर उनके खिलाफ FIR दर्ज कराएंगे और उग्र लोकतांत्रिक प्रदर्शन करेंगे उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस पार्टी महिलाओं के सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए हमेशा तत्पर है