रिपोर्ट: विजय नागपाल।
कोसीकलां (मथुरा)। बठैन गेट स्थित नगला परसादी क्षेत्र में लंबे समय से सड़क पर जलभराव और कीचड़ की समस्या से परेशान स्थानीय व्यापारियों एवं नागरिकों ने मुख्यमंत्री को प्रार्थना-पत्र भेजकर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि आंबेडकर पार्क के सामने स्थित उनकी दुकानों के बाहर लंबे समय से जलभराव और कीचड़ की स्थिति बनी हुई है। इससे ग्राहकों, राहगीरों, बुजुर्गों, बच्चों तथा दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई लोग फिसलकर घायल भी हो चुके हैं, जिससे हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
व्यापारियों का आरोप है कि इस संबंध में ग्राम प्रधान श्रीमती लक्ष्मी तथा नगर पालिका परिषद कोसीकलां के अध्यक्ष धर्मवीर अग्रवाल सहित संबंधित अधिकारियों को कई बार मौखिक रूप से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि समस्या के कारण व्यापार प्रभावित हो रहा है और क्षेत्र में गंदगी के चलते संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।
मुख्यमंत्री को भेजे गए प्रार्थना-पत्र में क्षेत्र का निरीक्षण कर सड़क की मरम्मत, जल निकासी के लिए नाली निर्माण तथा कीचड़ हटवाकर आवागमन सुचारु कराने की मांग की गई है।
प्रार्थना-पत्र पर अरुण, पंकज शर्मा, सुभाष शर्मा, दिगंबर, सुखबीर, सतीश मैथिल, धीरज सेन एवं तोताराम सैनी सहित स्थानीय व्यापारियों एवं नागरिकों के हस्ताक्षर हैं। उन्होंने जनहित में शीघ्र कार्रवाई कर क्षेत्रवासियों को राहत दिलाने की मांग की है।