केके मिश्रा संवाददाता।
संतकबीर नगर। रविवार को गंगा देवी कपिलदेव तिवारी पी.जी. कॉलेज, भुजैनी में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर “नशामुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान” के अंतर्गत जागरूकता एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया।


कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने भाग लेते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण और विकसित भारत के संकल्प को दोहराया।
राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रंगनाथ तिवारी ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं। यदि देश का युवा नशे से दूर रहकर जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनेगा, तो वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य निश्चित रूप से प्राप्त किया जा सकेगा।
महाविद्यालय प्रबंधन ने अपने संबोधन में कहा कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ नैतिक एवं सामाजिक मूल्यों से भी जोड़ना है। नशामुक्त समाज का निर्माण समय की आवश्यकता है और इसमें युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम का संचालन हरिशंकर शुक्ल ने किया। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने नशामुक्त भारत की शपथ ली तथा राष्ट्रगान एवं नशा मुक्ति के नारों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।