रिपोर्ट: विजय नागपाल।
कोसीकलां। आगरा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोटवन चौकी के समीप शनिवार दोपहर हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा परिजनों को घटना की सूचना दे दी।
जानकारी के अनुसार, हरियाणा के होडल क्षेत्र के गांव बांसवा निवासी रघुवीर (59 वर्ष) शनिवार दोपहर बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक कोटवन चौकी के निकट टोल टैक्स से पहले एक ढाबे के पास पहुंची, तभी पीछे से तेज रफ्तार से आए चार पहिया वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कोसी कलां पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही परिजनों को सूचना देकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस दुर्घटना करने वाले वाहन को कब्जे मे कर आगे की कर्यवाहि शुरू कर दी है।