रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। नन्दबाबा दुग्ध मिशन के तहत राजीव भवन सभागार में जिला स्तरीय डेयरी कॉन्क्लेव-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मथुरा दुग्ध संघ के सभापति चौधरी रणवीर सिंह, परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण अरुण कुमार उपाध्याय तथा मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. नरेन्द्र नारायण शुक्ला ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।


कार्यक्रम में दुग्ध निरीक्षक अनिल कुमार गुप्ता ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत एवं सम्मान किया। इस अवसर पर किसानों एवं पशुपालकों को नन्दबाबा दुग्ध मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इनमें मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ संवर्धन योजना, मिनी नन्दिनी कृषक समृद्धि योजना, नन्दिनी कृषक समृद्धि योजना, उत्तर प्रदेश दुग्ध प्रोत्साहन नीति-2022 तथा चारा प्रबंधन प्रोत्साहन एवं पशुपालन विभाग की अन्य योजनाएं प्रमुख रहीं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ संवर्धन योजना के तहत चयनित 28 लाभार्थियों, जिनमें 14 महिलाएं एवं 14 पुरुष शामिल हैं, को मुख्य अतिथि द्वारा चयन पत्र वितरित किए गए।
इस अवसर पर एआर कोऑपरेटिव के प्रतिनिधि, उपमुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल कुमार यादव, चयनित लाभार्थी तथा बड़ी संख्या में किसान एवं पशुपालक उपस्थित रहे।