जन्माष्टमी, हरियाली तीज व स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों की डीएम-एसएसपी ने की समीक्षा।

Vijaydoot News

सड़कों की मरम्मत, सुरक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, सफाई और यातायात व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश।

मथुरा। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में स्वतंत्रता दिवस, हरियाली तीज एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के सफल आयोजन को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्वों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं भव्य रूप से संपन्न कराने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को सभी प्रमुख मार्गों को गड्ढामुक्त कर शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए। सिंचाई विभाग को यमुना के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, डेंजर लेवल की स्पष्ट मार्किंग और लाल झंडी लगाने के निर्देश दिए। साथ ही नगर निगम, पुलिस, सिंचाई विभाग एवं उपजिलाधिकारियों को नाव संचालकों के साथ बैठक कर सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने को कहा।
स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों की मैपिंग, चिकित्सकों की उपलब्धता, निजी अस्पतालों में बेड आरक्षित रखने, पर्याप्त स्वास्थ्य शिविर एवं एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा प्रमुख घाटों के निकट स्वास्थ्य शिविर लगाने के निर्देश दिए गए।
विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति, खुले विद्युत बॉक्स बंद कराने, ट्रांसफार्मरों की फेंसिंग, बिजली के खंभों की प्लास्टिक रैपिंग तथा लटकते तारों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए। नगर निगम, मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण एवं उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद को प्रमुख मार्गों, चौराहों, मंदिरों और पार्कों में आकर्षक सजावट, फसाड लाइटिंग, तिरंगा लाइटिंग एवं सेल्फी प्वाइंट विकसित करने के निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने यातायात पुलिस को पार्किंग स्थलों का चिन्हांकन एवं डायवर्जन प्लान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। नगर निगम को पर्याप्त बैरिकेडिंग लगाने तथा सभी उपजिलाधिकारियों और क्षेत्राधिकारियों को पीस कमेटी की बैठक आयोजित करने एवं मंदिर प्रबंधकों के साथ समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने नगर निगम, जिला पंचायत राज अधिकारी एवं सभी अधिशासी अधिकारियों को बेहतर साफ-सफाई सुनिश्चित करने, घाटों पर बैरिकेडिंग एवं गोताखोरों की तैनाती, पेयजल, पार्किंग, खोया-पाया केंद्र, सीसीटीवी कंट्रोल रूम, पीए सिस्टम से लगातार उद्घोषणा, जूता-घर तथा दिशा-सूचक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को आवारा पशुओं को पकड़कर निराश्रित गोवंशों को गौशालाओं में संरक्षित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में नगर आयुक्त ओजस्वी राज, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत, डीएफओ वेंकट श्रीकर पटेल, एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा सहित सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, जिला स्तरीय अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।