दहेज हत्या के मामले में लालगंज पुलिस ने दो नामजद आरोपियों को किया गिरफ्तार।

Vijaydoot News

5 अगस्त को दर्ज हुआ था मुकदमा, पुलिस ने कार्रवाई कर दोनों आरोपियों को भेजा न्यायालय

मीरजापुर। थाना लालगंज पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में नामजद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, 5 अगस्त 2026 को चम्पा देवी पत्नी स्वर्गीय शिवनाथ पाल निवासी लछिमनपुर, थाना पड़री ने थाना लालगंज में तहरीर देकर अपनी पुत्री को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने और उसकी हत्या किए जाने का आरोप लगाया था। तहरीर के आधार पर थाना लालगंज में मुकदमा अपराध संख्या 298/2026 के तहत धारा 80(2), 85 बीएनएस एवं 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला संबंधी अपराध में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे। उनके निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन एवं क्षेत्राधिकारी लालगंज के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक लालगंज को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

इसी क्रम में 7 अगस्त को उपनिरीक्षक सुजीत सिंह सेठ ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर मुकदमे में नामजद सत्यदेव पाल पुत्र राज नारायण पाल और कल्लू पाल उर्फ लक्ष्मण पुत्र राज नारायण पाल, निवासी गंगहराकलां, थाना लालगंज, मीरजापुर को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।