नाबालिग तीन छात्राओं को भगाने और बंधक बनाने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार।

Vijaydoot News

लालगंज पुलिस ने विवेचना के दौरान सामने आए आरोपियों को दबोचा, तीनों बालिकाएं पूर्व में सकुशल बरामद

मीरजापुर। थाना लालगंज पुलिस ने नाबालिग तीन लड़कियों को बहला-फुसलाकर भगाने, मारपीट एवं बंधक बनाने के मामले में विवेचना के दौरान प्रकाश में आए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के माध्यम से जेल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त 2026 को एक महिला ने थाना लालगंज में तहरीर देकर बताया था कि उसकी नाबालिग पुत्री अपनी दो सहेलियों के साथ स्कूल से कहीं चली गई हैं। तहरीर के आधार पर थाना लालगंज में मुकदमा अपराध संख्या 293/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक मीरजापुर अपर्णा रजत कौशिक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन एवं क्षेत्राधिकारी लालगंज के नेतृत्व में बालिकाओं की सकुशल बरामदगी के निर्देश दिए थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों बालिकाओं को पूर्व में सकुशल बरामद कर लिया था।

मामले की आगे की विवेचना के दौरान प्रकाश में आए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम सक्रिय थी। इसी क्रम में 7 अगस्त 2026 को उपनिरीक्षक नौशाद खां ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जय प्रकाश पुत्र श्यामधर निवासी नरैना कला, थाना लालगंज, मीरजापुर तथा धीरज पुत्र रामलाल निवासी कुरहरा, थाना कुराव, प्रयागराज के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 137(2), 146, 115(2) एवं 127(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई। थाना लालगंज पुलिस ने आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।