9 अगस्त को नहीं होगी कारसेवा, फलाहारी महाराज ने की शांति बनाए रखने की अपील।

Vijaydoot News

श्रीकृष्ण जन्मभूमि प्रकरण प्रयागराज हाईकोर्ट में लंबित, याचिकाकर्ता बोले- न्यायालय पर पूर्ण भरोसा

मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह प्रकरण को लेकर 9 अगस्त को प्रस्तावित कारसेवा को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच फलाहारी महाराज ने स्पष्ट किया है कि 9 अगस्त को कोई कारसेवा नहीं होगी। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रम में न पड़ने तथा शांति बनाए रखने की अपील की है।

फलाहारी महाराज ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि प्रकरण वर्तमान में प्रयागराज हाईकोर्ट में लंबित है। प्रकरण को लेकर याचिकाकर्ता दिनेश महाराज ने कहा कि उन्हें न्यायालय पर पूर्ण भरोसा है और मामले में न्यायिक प्रक्रिया के माध्यम से ही आगे की कार्रवाई होगी।

उन्होंने बताया कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि से संबंधित प्राचीन साक्ष्यों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। वहीं, कारसेवा को लेकर भ्रम फैलाने वालों के संबंध में शासन-प्रशासन की ओर से नोटिस जारी किए जाने की बात भी सामने आई है।

फलाहारी महाराज ने कहा कि कारसेवा के अलावा कोई विकल्प नहीं है, लेकिन वर्तमान में न्यायालय की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं और अनुयायियों से संयम बरतने तथा शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।