•नवीन कार्यकारिणी में युवाओं को मिली जिम्मेदारियां, पदाधिकारियों का दुपट्टा पहनाकर किया स्वागत।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
कोसीकलां। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) कोसीकलां नगर इकाई का पुनर्गठन रविवार को वरिष्ठ समाजसेवी श्री कमल किशोर के आवास पर किया गया। दोपहर दो बजे से शुरू हुई चुनाव प्रक्रिया में मथुरा विभाग के विभाग संगठन मंत्री दिव्यांशु पचौरी एवं प्रांत मंत्री आनंद कठेरिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।
नगर इकाई के पुनर्गठन के लिए प्रांत कार्यकारिणी सदस्य शिवम भारद्वाज को संगठन की ओर से पालक कार्यकर्ता नियुक्त किया गया। पुनर्गठन प्रक्रिया से पूर्व नगर अध्यक्ष रविंद्र समाधिया ने विद्यार्थी परिषद के निर्माण, उद्देश्यों एवं कार्यशैली के बारे में जानकारी दी। इसके बाद वर्तमान नगर कार्यकारिणी को भंग किया गया।
नवीन कार्यकारिणी के नगर अध्यक्ष एवं नगर मंत्री के निर्वाचन की प्रक्रिया पालक कार्यकर्ता शिवम भारद्वाज की देखरेख में संपन्न हुई। सर्वसम्मति से डॉ. मोनिका गुप्ता को नगर अध्यक्ष तथा आर्यन गर्ग को नगर मंत्री चुना गया।
इसके बाद नवनियुक्त नगर अध्यक्ष डॉ. मोनिका गुप्ता ने नगर इकाई की नवीन कार्यकारिणी की घोषणा की। इसमें राहुल गर्ग को नगर उपाध्यक्ष तथा चेतन पांचाल, पुष्कर गोयल एवं वंशिका जैन को नगर सह मंत्री की जिम्मेदारी दी गई।
विभिन्न आयामों में भी कार्यकर्ताओं को दायित्व सौंपे गए। रेनू तांगर को नगर राष्ट्रीय कला मंच संयोजक और हर्षित सिंघल को सह संयोजक बनाया गया। दीपांशु गर्ग को नगर एसएफडी संयोजक तथा दीपांशु अग्रवाल को सह संयोजक की जिम्मेदारी मिली। जतिन अग्रवाल को नगर एसएफएस संयोजक और केतन गर्ग को सह संयोजक नियुक्त किया गया।
इसी क्रम में अंश जैन को नगर खेलो भारत संयोजक तथा भविष्य अग्रवाल को सह संयोजक बनाया गया। गौरव गर्ग को नगर मीडिया संयोजक और कार्तिक गर्ग को नगर सोशल मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी दी गई। नगर कार्यकारिणी सदस्य के रूप में दिवेश अग्रवाल, सचिन भारद्वाज, साधना एवं दीक्षा को दायित्व सौंपा गया।
नगर इकाई के पुनर्गठन के बाद सभी नवनियुक्त दायित्ववान कार्यकर्ताओं का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर प्रांत मंत्री आनंद कठेरिया एवं विभाग संगठन मंत्री दिव्यांशु पचौरी ने विद्यार्थी परिषद की कार्यशैली, संगठन के विभिन्न आयामों एवं कार्यकर्ताओं की भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने नवीन दायित्ववान कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए संगठन के कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।