लिंक के जरिए हुई साइबर ठगी के ₹5 हजार पुलिस ने कराए वापस।

Vijaydoot News

चील्ह साइबर सेल की कार्रवाई से पीड़ित को मिली राहत, साइबर अपराध से बचाव के लिए किया जागरूक।

मीरजापुर। व्हाट्सएप पर प्राप्त लिंक के माध्यम से मोबाइल हैक कर की गई साइबर ठगी की धनराशि पुलिस ने पीड़ित के खाते में वापस करा दी। थाना चील्ह की साइबर सेल टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए ठगी के ₹5,000 होल्ड कराकर पीड़ित को वापस दिलाए।
जानकारी के अनुसार मलाधरपुर, कस्बा चिल्ह निवासी राजनाथ यादव ने 14 दिसंबर 2025 को साइबर ठगी के संबंध में NCRP पोर्टल पर शिकायत संख्या 33112250182086 दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि व्हाट्सएप पर प्राप्त एक लिंक के माध्यम से उनका मोबाइल हैक कर लिया गया और खाते से ₹5,000 की साइबर ठगी कर ली गई।
शिकायत प्राप्त होने के बाद थाना चील्ह साइबर सेल टीम ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक मीरजापुर अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में साइबर सेल टीम ने कार्रवाई करते हुए ठगी की धनराशि को होल्ड कराया।
इसके बाद MRM पोर्टल के माध्यम से 10 अगस्त 2026 को ₹5,000 की पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई। खाते में रकम वापस आने पर पीड़ित राजनाथ यादव ने थाने पहुंचकर पुलिस अधिकारियों एवं थाना चील्ह साइबर सेल टीम की प्रशंसा करते हुए धन्यवाद दिया।
पुलिस टीम ने पीड़ित को साइबर जागरूकता अभियान के तहत ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी। साथ ही उनसे अपील की गई कि वे अन्य लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करें और अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें।