बाल गुरु हरकिशन साहिब के प्रकाश पर्व पर गूंजे शबद-कीर्तन, सेवा और मानवता का दिया संदेश।

Vijaydoot News

•कुटिया संत मुलख राज बेदी गुरुद्वारे में श्रद्धा के साथ मनाया गया प्रकाश पर्व, विशाल लंगर में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

मथुरा। कृष्णा नगर स्थित कुटिया संत मुलख राज बेदी गुरुद्वारे में बाल गुरु हरकिशन साहिब जी का प्रकाश पर्व श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा परिसर शबद-कीर्तन और गुरु के जयकारों से गूंज उठा। संगत ने गुरु साहिब के जीवन से प्रेरणा लेते हुए सेवा, करुणा और मानवता के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

प्रातःकाल सुसज्जित पालकी साहिब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी को विराजमान किया गया। इसके बाद संगत ने अरदास कर माथा टेका और गुरु जी के दरबार में हाजिरी लगाई। कीर्तन दरबार में रागी जत्थों ने शबद-कीर्तन के माध्यम से बाल गुरु हरकिशन साहिब जी के जीवन, उनकी निस्वार्थ सेवा और मानवता के प्रति समर्पण का वर्णन किया।

इस अवसर पर वक्ता जगदीश आहूजा ने कहा कि बाल गुरु हरकिशन साहिब जी ने अल्पायु में ही रोगियों की सेवा कर करुणा, विनम्रता और परोपकार की मिसाल कायम की। उनका जीवन आज भी समाज को जरूरतमंदों की सेवा करने और मानवता की रक्षा के लिए प्रेरित करता है।

प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में गुरुद्वारे में विशाल लंगर का आयोजन किया गया। इसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। संगत ने गुरु के बताए सेवा और मानवता के मार्ग को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में शिव अरोड़ा, रघुवीर सिंह ओबराय, अजय चड्डा, जितेंद्र सिंह पप्पू, भगत सिंह, ज्ञानी महेंद्र सिंह, बलविंदर सिंह, गिर्राज धामीजा, नीरज अजवानी सहित बड़ी संख्या में सिख संगत मौजूद रही।