रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
मिश्रिख, सीतापुर। नगर पालिका क्षेत्र में सफाई व्यवस्था बदहाल होने से लोगों को संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर के कई वार्डों में जगह-जगह गंदगी और कूड़े के ढेर लगे हैं, लेकिन नगर पालिका प्रशासन की ओर से प्रभावी सफाई और दवा छिड़काव की व्यवस्था नहीं की जा रही है।
लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में जलभराव और गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। इसके बावजूद नगर पालिका की ओर से अभी तक कई वार्डों में दवा का छिड़काव नहीं कराया गया है। इससे नागरिकों में संक्रमण फैलने की आशंका बढ़ती जा रही है।
स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन पर सफाई व्यवस्था को लेकर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस का राष्ट्रीय पर्व भी नजदीक है, लेकिन नगर के प्रमुख स्थानों और वार्डों में साफ-सफाई को लेकर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
लोगों ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दे रही है, लेकिन स्थानीय स्तर पर व्यवस्था इसके विपरीत नजर आ रही है। नागरिकों ने जिलाधिकारी सीतापुर से मामले का संज्ञान लेकर नगर के सभी वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाने, दवा का छिड़काव कराने तथा लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो बारिश के मौसम में संक्रामक बीमारियों का खतरा और बढ़ सकता है।