रिपोर्ट विजय नागपाल।
वृंदावन। वृंदावन-पानीगांव मार्ग स्थित चामुंडा देवी मंदिर कट के समीप सोमवार रात एक साधु की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचा एक युवक भी हमले में गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मूल रूप से इटावा जिले के बहादुरपुर निवासी करीब 45 वर्षीय बटूर उर्फ राघव दास पिछले करीब पांच वर्षों से वृंदावन के हरिदास नगर स्थित एक आश्रम में रह रहे थे। बताया गया है कि सोमवार सुबह वह आश्रम से बाइक लेकर निकले थे। रात करीब 8:30 बजे चामुंडा देवी मंदिर कट के समीप खादर क्षेत्र में खेत में बनी एक कोठरी में उनका किसी अज्ञात व्यक्ति से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
विवाद के बाद राघव दास वहां से लौट आए और कट के पास सड़क किनारे दुकान में रह रहे मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ निवासी मजदूर अर्जुन को साथ लेकर दोबारा मौके पर पहुंचे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि अज्ञात हमलावर ने चाकू से राघव दास पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बीच-बचाव करने पहुंचे अर्जुन पर भी हमलावर ने चाकू से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। किसी तरह मौके से भागकर उसने अपनी जान बचाई। बाद में एक राहगीर की मदद से घायल अर्जुन को जिला संयुक्त अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे मथुरा जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। वहीं, अज्ञात हमलावर की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और घायल युवक से मिली जानकारी के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।