गोविंदनगर थाने में दमकल विभाग की मॉकड्रिल, पुलिसकर्मियों को आग से बचाव का प्रशिक्षण।

Vijaydoot News

मथुरा। थाना गोविंदनगर परिसर में मंगलवार शाम दमकल विभाग की ओर से मॉकड्रिल आयोजित की गई। इसका उद्देश्य पुलिसकर्मियों को आगजनी की घटनाओं और अन्य आपात परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए प्रशिक्षित करना रहा।

मॉकड्रिल के दौरान दमकल कर्मियों ने पुलिसकर्मियों को अग्निकांड के समय बचाव, सुरक्षा और राहत कार्यों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। आग पर काबू पाने के विभिन्न तरीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन करते हुए अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग की प्रक्रिया भी समझाई गई।

दमकल कर्मियों ने बताया कि आग लगने की स्थिति में सबसे पहले लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना, घटनास्थल को सुरक्षित करना और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करना बेहद जरूरी है। इस दौरान आग की स्थिति के अनुसार सुरक्षा उपाय अपनाने के बारे में भी जानकारी दी गई।

मॉकड्रिल के माध्यम से पुलिसकर्मियों को आपात स्थिति में दमकल विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी ढंग से राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने का प्रशिक्षण दिया गया।