कृषि यंत्रों के लिए ई-लॉटरी आज, चयनित किसानों को एसएमएस से मिलेगी सूचना

Vijaydoot News

मथुरा। वित्तीय वर्ष 2026-27 में सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन (SMAM) एवं प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेज्ड्यू योजनांतर्गत कृषि यंत्रों के लिए किसानों के चयन की प्रक्रिया ई-लॉटरी के माध्यम से की जाएगी।

उप कृषि निदेशक आवेश कुमार सिंह ने बताया कि जनपद स्तर पर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय कार्यकारी समिति के समक्ष 21 अगस्त 2026 को प्रातः 11:30 बजे से कृषि भवन सभागार, मथुरा में ई-लॉटरी कराई जाएगी।

उन्होंने बताया कि कृषि यंत्रीकरण की जिन योजनाओं में निर्धारित लक्ष्य की सीमा तक बुकिंग हो चुकी है, उन सभी किसानों की बुकिंग कन्फर्म की जा चुकी है। ऐसे किसानों को ई-लॉटरी में शामिल होने की आवश्यकता नहीं होगी।

ई-लॉटरी में चयनित किसानों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से चयन की जानकारी तथा कृषि यंत्र का बिल अपलोड करने की अंतिम तिथि की सूचना दी जाएगी। वहीं, प्रतीक्षा सूची में चयनित किसानों को एसएमएस के माध्यम से उनका प्रतीक्षा सूची क्रमांक बताया जाएगा।

लक्ष्य के अनुरूप चयनित लाभार्थियों के अतिरिक्त क्रमवार प्रतीक्षा सूची भी तैयार की जाएगी। यदि लक्ष्य की सीमा तक चयनित कोई लाभार्थी निर्धारित समयावधि में कृषि यंत्र की खरीद नहीं करता है तो रिक्त लक्ष्य के सापेक्ष प्रतीक्षा सूची में क्रम के अनुसार अन्य लाभार्थियों का चयन किया जाएगा।

उप कृषि निदेशक ने बताया कि ई-लॉटरी में चयनित नहीं होने वाले किसानों की जमानत धनराशि अधिकतम छह माह के भीतर वापस कर दी जाएगी। प्रतीक्षा सूची में चयनित किसानों की जमानत धनराशि लक्ष्य समाप्त होने की स्थिति में वापस की जाएगी।

किसानों द्वारा आवेदन के समय जमा की गई जमानत धनराशि बुकिंग के दौरान दर्ज किए गए बैंक खाते अथवा विभागीय पोर्टल पर पंजीकृत किसान के बैंक खाते में वापस की जाएगी।

उप कृषि निदेशक ने योजनांतर्गत कृषि यंत्रों की बुकिंग कराने वाले किसान भाइयों से निर्धारित तिथि और समय पर ई-लॉटरी प्रक्रिया में प्रतिभाग करने की अपील की है।