राया में 2,000 लीटर संदिग्ध दूध पकड़ा, जांच में स्टार्च और कम फैट की पुष्टि।

Vijaydoot News

मथुरा। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश लखनऊ तथा जिलाधिकारी श्री चंद्र प्रकाश सिंह के आदेश के अनुपालन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने राया रेलवे फाटक पर दूध से भरे टैंकर का निरीक्षण किया। कार्रवाई सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार सिंह के निर्देशन एवं नेतृत्व में की गई।

निरीक्षण के दौरान टैंकर संख्या यूपी 86 एटी 0875 में करीब 2,000 लीटर दूध भरा मिला। टैंकर चालक हेमनेस कुमार ने बताया कि दूध गोपाल डेयरी, सिकंदराराऊ, हाथरस से लाया गया है। हालांकि चालक दूध के क्रय-विक्रय से संबंधित अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका।

दूध की गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर राया स्थित डेयरी पर टैंकर में भंडारित दूध की त्वरित जांच की गई। जांच में दूध में स्टार्च की मौजूदगी तथा फैट की मात्रा कम होने के संकेत मिले। इसके बाद दूध का नमूना संग्रहित कर जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया गया।

वहीं, जनहित में टैंकर में शेष करीब 2,000 लीटर दूध को तत्काल नष्ट करा दिया गया। नष्ट किए गए दूध की अनुमानित कीमत करीब 1.20 लाख रुपये बताई गई है। विभाग के अनुसार राजकीय खाद्य प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई करने वाली खाद्य सचलदल टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेंद्र सिंह एवं जितेंद्र सिंह शामिल रहे।