रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
मिश्रिख। बेसिक शिक्षा विभाग की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े करने वाला एक मामला मिश्रिख ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय फुलरुवा से सामने आया है। विद्यालय परिसर में जलभराव और गंदगी के बीच बच्चों के जमीन पर बैठकर मध्याह्न भोजन करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में विद्यालय परिसर में घुटनों तक गंदा पानी भरा दिखाई दे रहा है। इसी जलभराव के किनारे बच्चे जमीन पर बैठकर भोजन करते नजर आ रहे हैं। परिसर में चारों ओर कीचड़ और गंदगी होने के बावजूद बच्चों के लिए भोजन की व्यवस्था किए जाने पर विद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय में लंबे समय से जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं है। बारिश होने पर पूरा परिसर जलमग्न हो जाता है। ग्रामीणों के मुताबिक, समस्या को लेकर कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक प्रभावी समाधान नहीं किया गया।
वायरल वीडियो में विद्यार्थियों द्वारा स्वयं विद्यालय की स्थिति दिखाए जाने के बाद मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। ग्रामीणों ने वीडियो को फेसबुक और एक्स पर साझा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और जिलाधिकारी सीतापुर से मामले का संज्ञान लेकर विद्यालय की व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने तथा जिम्मेदारों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। मामले में शिक्षा विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की प्रतिक्रिया सामने आना अभी बाकी है।