रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। ईद-ए-मिलाद (बारावफात) के मद्देनजर जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं जुलूसे मुहम्मदी इंतेजामियां कमेटी के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को त्योहार के दौरान शांति, सुरक्षा, साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों एवं क्षेत्राधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठक आयोजित करने तथा त्योहार रजिस्टर का अवलोकन करने के निर्देश दिए। उन्होंने पूर्व में सामने आई समस्याओं को चिन्हित कर उनका प्रभावी ढंग से निराकरण कराने को कहा।
उन्होंने नगर निगम, सभी अधिशासी अधिकारियों और जिला पंचायत राज अधिकारी को विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। मस्जिदों के आसपास साफ-सफाई, नालों एवं नालियों की सफाई तथा प्रमुख स्थानों पर पेयजल एवं शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। नगर निगम एवं लोक निर्माण विभाग को अपने-अपने क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए।
विद्युत व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को त्योहार के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। खुले ट्रांसफॉर्मरों के चारों ओर बैरिकेडिंग कराने, खुले एवं लटकते तारों को दुरुस्त करने तथा विद्युत पोल की रैपिंग कराने को कहा। नगर निगम एवं मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण को सभी स्ट्रीट लाइटों को संचालित रखने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य और अग्निशमन व्यवस्था रहेगी मजबूत
मुख्य चिकित्सा अधिकारी को महत्वपूर्ण स्थानों पर स्वास्थ्य टीम एवं एंबुलेंस की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अग्निशमन विभाग को संवेदनशील एवं प्रमुख स्थानों पर अग्निशमन वाहनों की तैनाती के लिए कहा गया। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों को लगातार खाद्य पदार्थों की सैंपलिंग करने तथा दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को आवारा पशुओं को पकड़ने तथा निराश्रित गोवंश को गोशालाओं में पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
यातायात व्यवस्था और रूट डायवर्जन पर विशेष जोर
एसपी यातायात को सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त ट्रैफिक जवानों की ड्यूटी लगाई जाए। रूट डायवर्जन की सूचना को विभिन्न मीडिया माध्यमों से व्यापक रूप से प्रचारित-प्रसारित कराया जाए।
सभी उप जिलाधिकारियों एवं क्षेत्राधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पूरे जुलूस मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सोशल मीडिया पर रहेगी कड़ी निगरानी
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाने वालों और शरारती तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। सुरक्षा व्यवस्था में व्यवधान उत्पन्न करने वाले लोगों को चिन्हित कर आवश्यकतानुसार नोटिस जारी किए जाएं।
उन्होंने लाउडस्पीकर की निर्धारित ध्वनि सीमा, प्रतिबंधित जानवरों की रोकथाम तथा सिविल डिफेंस वालंटियर्स की तैनाती सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश कुमार, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे नंद प्रकाश मौर्या, एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह, एसपी यातायात राजेश कुमार तिवारी, नगर मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जुलूसे मुहम्मदी इंतेजामियां कमेटी के पदाधिकारी मौजूद रहे।