बस्ती। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय, कपिलवस्तु की शैक्षणिक पहुंच बढ़ाने और बस्ती मंडल के विद्यार्थियों को बेहतर उच्च शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बस्ती में विश्वविद्यालय का कैंपस अथवा प्रशासनिक केंद्र स्थापित किए जाने की मांग उठी है। पूर्व प्राचार्य डॉ. भानु प्रताप सिंह ने इस संबंध में शासन के समक्ष मांग रखते हुए इसे विद्यार्थियों और क्षेत्र के व्यापक हित से जुड़ा विषय बताया है।
डॉ. भानु प्रताप सिंह के अनुसार सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु की दूरी के कारण बस्ती, संत कबीर नगर और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा अभिभावकों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में मंडल मुख्यालय बस्ती में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक या प्रशासनिक व्यवस्था स्थापित होने से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को राहत मिल सकती है।
उन्होंने सुझाव दिया कि बस्ती स्थित किसान पीजी कॉलेज और एपीएन पीजी कॉलेज की उपलब्ध भूमि, भवन एवं अन्य आधारभूत संसाधनों का उपयोग विश्वविद्यालय के विस्तार के लिए किया जा सकता है। संबंधित संकायों को विश्वविद्यालय के कैंपस के रूप में संचालित करने अथवा दोनों महाविद्यालयों को विश्वविद्यालय के एसोसिएट कॉलेज के रूप में विकसित करने का विकल्प भी प्रस्तावित किया गया है।
डॉ. सिंह का कहना है कि उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग से बस्ती मंडल में उच्च शिक्षा के अवसरों का विस्तार होगा। इससे विद्यार्थियों को मंडल मुख्यालय पर ही बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकेंगी तथा सिद्धार्थ विश्वविद्यालय की शैक्षणिक पहुंच और राजस्व आधार को भी मजबूती मिल सकती है।
उन्होंने कहा कि बस्ती में विश्वविद्यालय की व्यवस्था स्थापित होने से क्षेत्र के शैक्षणिक और सामाजिक विकास को गति मिलेगी। साथ ही बौद्ध परिपथ के सिद्धार्थनगर और बस्ती के वशिष्ठ नगर को शिक्षा के माध्यम से जोड़ने की दिशा में भी यह पहल महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
हिंदी विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग भी उठी
आचार्य रामचंद्र शुक्ल की स्मृति में बस्ती में हिंदी विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग भी पूर्व में विभिन्न स्तरों पर उठाई जा चुकी है। पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष दुर्गादत्त पांडेय सहित कई लोगों ने इस मुद्दे पर सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया है। डॉ. भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर इस संबंध में अपनी मांग रख चुका है। डॉ. सिंह ने मुख्यमंत्री को ई-मेल के माध्यम से भी प्रस्ताव और सुझाव भेजे हैं।
उन्होंने शासन और सिद्धार्थ विश्वविद्यालय प्रशासन से बस्ती में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक अथवा प्रशासनिक व्यवस्था स्थापित करने के प्रस्ताव पर गंभीरता और सकारात्मक दृष्टिकोण से विचार करने की अपेक्षा की है।