•मुस्लिम वोटों के विभाजन को रोकने के लिए सभी मुस्लिम पार्टियां और तंजीमें एक मंच पर आएं : अजमल अली
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
लखनऊ। वंचित समाज इंसाफ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. शेख ने लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित बैठक में केंद्र एवं प्रदेश सरकार पर महंगाई समेत जनहित के मुद्दों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। बैठक में प्रदेशभर से पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
पार्टी कार्यालय पहुंचने पर प्रदेश प्रभारी अजमल अली और राष्ट्रीय प्रवक्ता नासिर खान ने डॉ. शेख का फूल-मालाओं से स्वागत किया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ. शेख ने कहा कि वर्तमान समय में सरकारों का ध्यान जनसमस्याओं के समाधान के बजाय सत्ता बनाए रखने और सरकार बनाने की रणनीतियों पर अधिक है। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई लगातार बढ़ रही है, लेकिन सरकार का ध्यान इस ओर नहीं है।
उन्होंने चीनी की बढ़ती कीमत का मुद्दा उठाते हुए कहा कि चीनी 65 रुपये प्रति किलोग्राम से अधिक की कीमत पर पहुंच गई है। गरीब, किसान, दलित, पिछड़ा, अल्पसंख्यक और युवा वर्ग विभिन्न समस्याओं से परेशान है। उन्होंने कहा कि एक समय भारत चीनी का निर्यात करता था, जबकि अब उसे चीनी का आयात करना पड़ रहा है।
गरीब भैंस पालकों को मवेशी वापस देने की मांग
पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता नासिर खान ने नगर निगम द्वारा कब्जे में ली गई भैंसों को उनके मालिकों को वापस सौंपने की मांग की। उन्होंने कहा कि भैंस पालने वाले अधिकांश लोग गरीब हैं और दूध बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। ऐसे में उनकी आजीविका को ध्यान में रखते हुए मवेशियों को वापस किया जाना चाहिए।
मुस्लिम वोटों के विभाजन को रोकने की अपील
उत्तर प्रदेश प्रभारी अजमल अली ने कहा कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाएगी। उन्होंने मुस्लिम मतदाताओं से अपने वोट को विभाजित न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मुस्लिम मतदाता या तो मुस्लिम नेतृत्व वाली पार्टी के पक्ष में मतदान करें अथवा किसी एक धर्मनिरपेक्ष दल को अपना समर्थन दें, ताकि वोटों का बिखराव न हो।
बैठक में किसान यूनियन के प्रवक्ता मोहम्मद साइक सिद्दीकी और मुमताज रेनी ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में एक मजबूत थर्ड फ्रंट की आवश्यकता है, जो बिना भेदभाव के शासन चला सके। इस अवसर पर पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।