ईदगाहों और जुलूस मार्गों का निरीक्षण कर अधिकारियों को दिए सतर्कता के निर्देश
रिपोर्ट : राहुल मिश्रा।
सीतापुर। बारावफात/ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के अवसर पर जनपद में त्योहार एवं जुलूस कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण, सकुशल और आपसी सौहार्द के वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. एवं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने संयुक्त रूप से थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के कजीयारा में भ्रमण किया।
इस दौरान अधिकारियों ने ईदगाहों सहित अन्य प्रमुख स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम और एसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने जुलूस के निर्धारित मार्गों का भी निरीक्षण किया तथा यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध और भीड़ नियंत्रण की स्थिति का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों एवं पुलिस बल को जुलूस के दौरान विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने आमजन से आपसी सौहार्द, भाईचारा और शांति बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन एवं पुलिस की प्राथमिकता त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना है।
भ्रमण के दौरान क्षेत्राधिकारी नगर, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर, प्रभारी निरीक्षक यातायात सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिस कर्मचारी मौजूद रहे।