रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा कृषि विभाग के लिए नव चयनित 3446 प्राविधिक सहायकों एवं 126 मंडी सचिवों को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन लखनऊ में किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नव चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण मथुरा कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, उप कृषि निदेशक आवेश कुमार सिंह, भूमि संरक्षण अधिकारी, कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, नव चयनित 35 प्राविधिक सहायक तथा उनके अभिभावक मौजूद रहे और उन्होंने कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा।
कार्यक्रम के उपरांत जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने जनपद मथुरा के नव चयनित 35 प्राविधिक सहायकों (ग्रुप-सी) को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने सभी नव चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह क्षण उनके जीवन का अत्यंत महत्वपूर्ण, गौरवपूर्ण और अविस्मरणीय पल है। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों ने मेहनत, लगन, धैर्य और दृढ़ संकल्प के बल पर यह सफलता हासिल की है।
जिलाधिकारी ने कहा कि सफलता केवल परीक्षा में चयन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह निरंतर प्रयास, अनुशासन और कठिन परिस्थितियों में लक्ष्य के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि नव चयनित अभ्यर्थियों की उपलब्धि उनके परिवार के लिए गर्व का विषय है और समाज के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणादायी है।
उन्होंने सभी प्राविधिक सहायकों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी, पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के कार्य और व्यवहार से न केवल उनकी व्यक्तिगत पहचान बनती है, बल्कि संबंधित विभाग एवं शासन-प्रशासन की छवि भी निर्धारित होती है।
जिलाधिकारी से नियुक्ति पत्र प्राप्त करते समय सभी नव चयनित अभ्यर्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की।