रक्षाबंधन पर्व को लेकर खाद्य विभाग की छापेमारी, सात खाद्य पदार्थों के नमूने जांच को भेजे।

Vijaydoot News

मथुरा। आगामी रक्षाबंधन पर्व के दृष्टिगत आम जनमानस को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश लखनऊ तथा जिलाधिकारी मथुरा के आदेश के अनुपालन में अभियान चलाया गया।

सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार सिंह के निर्देशन एवं नेतृत्व में खाद्य सचलदल ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के कुल सात नमूने संग्रहित किए। बाजना स्थित बजरंग डेयरी (प्रो. सत्तो) से पनीर एवं स्किम्ड मिल्क पाउडर के एक-एक नमूने, वीरेन्द्र डेयरी से मिश्रित दूध का एक नमूना तथा शिवम डेयरी (प्रो. जितेन्द्र सिंह) से पनीर का एक नमूना लिया गया।

इसी क्रम में भूतेश्वर तिराहे स्थित मिष्ठान भंडार से घेवर एवं पेड़ा के एक-एक नमूने भी संग्रहित किए गए। सभी सात नमूनों को जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नमूनों की गुणवत्ता के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सचलदल में राज्य सचलदल के सदस्य मोहर सिंह कुशवाह के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रीना शर्मा एवं नेहा मौजूद रहीं।