थाली-लोटा बजाकर तहसील पहुंचीं महिलाएं, महरौली के जलभराव पर एसडीएम को घेरा।

Vijaydoot News

गोवर्धन, मथुरा। ग्राम पंचायत महरौली में लंबे समय से जलभराव और गंदगी की समस्या से परेशान महिलाओं ने मंगलवार को गोवर्धन तहसील पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। समाजसेविका चौधरी विनोदी सिंह के नेतृत्व में महिलाएं थाली और लोटे बजाते हुए तहसील परिसर पहुंचीं और प्रशासन के खिलाफ अपना आक्रोश जताया।

ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के रास्तों पर महीनों से गंदा पानी भरा हुआ है और जगह-जगह कीचड़ जमा है। जलभराव के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने गंदगी और जलभराव के चलते बीमारियों का खतरा भी बताया।

महिलाओं का कहना है कि जून माह में तहसीलदार और ग्राम विकास अधिकारी (VDO) द्वारा गांव का निरीक्षण किया गया था। उस दौरान तालाब की सफाई और खुदाई कराने का आश्वासन दिया गया, लेकिन ग्रामीणों के मुताबिक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। पहली ही बारिश में जलभराव की स्थिति फिर गंभीर हो गई।

प्रदर्शन के दौरान समाजसेविका चौधरी विनोदी सिंह ने तहसील प्रशासन के समक्ष नाराजगी जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की।

प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही उप जिलाधिकारी सुशील कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और महिलाओं की समस्याएं सुनीं। उन्होंने समस्या के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन के आश्वासन के बाद महरौली में जलभराव और गंदगी की समस्या का स्थायी समाधान होगा।