रिपोर्ट : राहुल मिश्रा।
सीतापुर। आरक्षण व्यवस्था में सुधार समेत विभिन्न मांगों को लेकर क्रांतिकारी विचार मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष सौरभ सिंह ने जानकारी देते हुए बताया है कि मंच के द्वारा पांच दिवसीय पदयात्रा आयोजित की जा रही है। मंच की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार पदयात्रा 31 अगस्त से 4 सितंबर तक चलेगी। आयोजकों ने इसे “स्वर्ण यात्रा-31” नाम दिया है।
मंच के पदाधिकारियों के अनुसार पदयात्रा का उद्देश्य संविधान की मूल भावना में समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व को केंद्र में रखते हुए जातिगत कानूनों की समीक्षा तथा आरक्षण व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर जनजागरण करना है। आयोजकों ने अपने अभियान का नारा “आरक्षण नहीं, किसी को संरक्षण मिले गरीबों को” रखा है।
जारी कार्यक्रम के मुताबिक पदयात्रा के पहले दिन नेरी से बरगावां, पिसावां, कुतुबनगर, मिश्रिख होते हुए संदना तक पहुंचने और रात्रि विश्राम का कार्यक्रम है। दूसरे दिन सिधौली, भदिया, रुड़वा, महमूदाबाद सहित अन्य गांवों से होते हुए रेउसा में रात्रि विश्राम प्रस्तावित है।तीसरे दिन तंबौर, लालपुर, लहरपुर तथा अन्य क्षेत्रों से होते हुए हरगांव के काजी कमालपुर में रात्रि विश्राम किया जाएगा। चौथे दिन बड़ागांव, बह्मावली सहित अन्य गांवों से होते हुए महोली और आसपास के क्षेत्रों से गुजरकर हेमपुर, सीतापुर में रात्रि विश्राम का कार्यक्रम बताया गया है।
पदयात्रा के अंतिम दिन सीतापुर के श्यामनाथ मंदिर से होते हुए चुंगी, जीआईसी चौक तक पहुंचकर जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपने की बात आयोजकों ने कही है।
आयोजकों ने बताया कि यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर जनजागरण और रात्रि चौपाल का आयोजन किया जाएगा। मंच ने आरक्षण व्यवस्था पर बहस और सुधार की मांग को लेकर लोगों से पदयात्रा में शामिल होने की अपील की है।यात्रा से जुड़ने के इच्छुक लोग अपना नाम और मोबाइल नंबर उपलब्ध करा सकते हैं। संपर्क के लिए मोबाइल नंबर 9958641970 जारी किया गया है।