रिपोर्ट : विजय नागपाल।
मथुरा। नागपुर से दिल्ली तक करीब 1500 किलोमीटर की पदयात्रा कर रहे अनिल चौहान का मथुरा पहुंचने पर वंचित समाज इंसाफ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. शेख एवं उनके समर्थकों ने आगरा-दिल्ली हाईवे स्थित टाउनशिप पर जोरदार स्वागत किया।
डॉ. शेख को जब पदयात्रा के मथुरा पहुंचने की जानकारी मिली तो वह अपने साथियों के साथ टाउनशिप पहुंचे। यहां उन्होंने पदयात्रा कर रहे अनिल चौहान को फूल-माला पहनाकर स्वागत किया और भगवान श्रीकृष्ण की नगरी के प्रसिद्ध पेड़े भेंट किए।
इस अवसर पर डॉ. शेख ने कहा कि अनिल चौहान देश की जनता को जागरूक करने के उद्देश्य से नागपुर से दिल्ली तक लगभग 1500 किलोमीटर की यात्रा पैदल कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पदयात्रा का समापन 5 सितंबर 2026 को राजघाट, दिल्ली में प्रस्तावित है।
पदयात्रा कर रहे अनिल चौहान ने कहा कि उनका अभियान “देश पहले, जनहित सर्वोपरि और मानवता सबसे ऊपर” के विचारों के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे 5 सितंबर को राजघाट, दिल्ली पहुंचकर मानवता, लोकतंत्र, संविधान, मौलिक अधिकारों, सद्भावना और भाईचारे की रक्षा के लिए अपनी नागरिक जिम्मेदारी निभाएं।
उन्होंने कहा कि सभी को ऐसे भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए, जिसका सपना देश के पूर्वजों, अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों ने देखा था।
अनिल चौहान ने इस यात्रा के लिए प्रेरित करने के लिए पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर और वरिष्ठ समाजसेवी सुशील खन्ना का आभार जताया।
इस मौके पर डॉ. अजहर अली शेख, सफीर, पवन, सुखवीर, इमरान, अयान, मुज्जो सहित अन्य लोग मौजूद रहे। डॉ. शेख और उनके साथियों ने अनिल चौहान को भरोसा दिलाया कि वे और उनकी पार्टी के कार्यकर्ता 5 सितंबर को राजघाट पहुंचकर अभियान में सहभागिता करेंगे।