रक्षाबंधन पर छात्राओं ने डीएम को बांधी राखी, पौधा भेंट कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश।

Vijaydoot News

सीतापुर। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर सुमित्रा मॉडर्न एकेडमी, विजय लक्ष्मी नगर, सीतापुर की छात्राओं ने जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. से आत्मीय भेंट की। छात्राओं ने जिलाधिकारी की कलाई पर राखी बांधकर उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान छात्राओं ने भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और आपसी रिश्तों की भावना का संदेश दिया।

इस अवसर पर रिशानी तिवारी, सृष्टि शर्मा, महिमा रावत, वृंदा एवं हुरैन फातिमा ने जिलाधिकारी को पौधा भेंट किया। जिलाधिकारी ने छात्राओं की इस पहल की सराहना करते हुए उन्हें पौधों के संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।

जिलाधिकारी ने छात्राओं को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने, अच्छे संस्कार अपनाने तथा माता-पिता और गुरुजनों का सम्मान करने का संदेश दिया।

रक्षाबंधन के अवसर पर हुई यह आत्मीय मुलाकात छात्राओं के लिए यादगार और प्रेरणादायी रही। पौधा भेंट कर छात्राओं ने पर्व के साथ पर्यावरण संरक्षण का सकारात्मक संदेश भी दिया।