•उमस भरी गर्मी में राखी बांधने पहुंची बहनों और आगंतुकों को मिली राहत।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। भाई-बहन के पवित्र प्रेम और अटूट विश्वास के पर्व रक्षाबंधन के अवसर पर मथुरा जिला कारागार के बाहर नागरिक सुरक्षा विभाग की ओर से सेवा और मानवता की मिसाल पेश की गई। जेल में बंद अपने भाइयों एवं परिजनों से मिलने तथा राखी बांधने के लिए दूर-दराज से पहुंचीं माताओं और बहनों की सुविधा के लिए विभाग द्वारा मीठे एवं शीतल पेयजल का प्याऊ लगाया गया।



उपनियंत्रक कश्मीर सिंह एवं सहायक उपनियंत्रक नीरज श्रीवास्तव के मार्गदर्शन तथा जिला कारागार मथुरा के अधीक्षक अंशुमन एवं डिवीजन वार्डन भारत भूषण तिवारी के नेतृत्व में यह सेवा कार्य वार्डन पोस्ट संख्या एक के अंतर्गत संपन्न हुआ।
रक्षाबंधन के अवसर पर उमस भरी गर्मी और तेज धूप के बीच कारागार के मुख्य द्वार के बाहर बहनों और अन्य आगंतुकों की लंबी कतारें लगी रहीं। ऐसे में मीठे और शीतल पानी की प्याऊ से उन्हें काफी राहत मिली। सुबह से ही प्याऊ पर पानी पीने वालों की भीड़ लगी रही।
इस सेवा कार्य को सफल बनाने में नागरिक सुरक्षा विभाग के पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों ने पूरी तत्परता से योगदान दिया। वार्डन पोस्ट संख्या एक के पोस्ट वार्डन एवं मास्टर ट्रेनर्स अशोक यादव, शैलेश खंडेलवाल, सेक्टर वार्डन प्रमोद कुमार शर्मा, नरेंद्र कुमार मेहता, शैली अग्रवाल, राम दुलारी कुश, मुकर अग्रवाल, रवि पटेल, मुकेश तिवारी सहित अन्य वार्डन एवं फायर फाइटर उपस्थित रहे। स्वयंसेवकों ने कतार में खड़ी बहनों और अन्य आगंतुकों को अपने हाथों से ठंडा-मीठा पानी पिलाया।
जेल में अपने भाइयों से मिलने पहुंचीं बहनों ने नागरिक सुरक्षा विभाग की इस पहल की सराहना की। उनका कहना था कि लंबा सफर तय कर धूप और गर्मी में कतार में खड़े रहने से गला सूख रहा था। ऐसे समय कारागार के बाहर की गई मीठे पानी की व्यवस्था से उन्हें काफी राहत और सुकून मिला।
रक्षाबंधन के पावन पर्व पर नागरिक सुरक्षा विभाग की यह पहल सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवीय संवेदना का प्रेरणादायी संदेश देती नजर आई।