•विद्युत आपूर्ति को लेकर विवाद का आरोप, पुलिस को दी गई तहरीर; कर्मचारियों में नाराजगी
रिपोर्ट : राहुल मिश्रा।
सीतापुर। विद्युत उपकेंद्र देवगवां पर तैनात एसएसओ आशीष कुमार गौतम को बुधवार शाम फोन पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि विद्युत आपूर्ति को लेकर कुसैला निवासी राहुल कुमार वर्मा ने एसएसओ को फोन किया और बातचीत के दौरान अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
घटना के बाद एसएसओ आशीष कुमार गौतम ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। उन्होंने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की जांच कराने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है। घटना को लेकर विद्युत विभाग के कर्मचारियों में भी नाराजगी बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि विद्युत आपूर्ति को लेकर कई बार उपभोक्ताओं और विभागीय कर्मचारियों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। कर्मचारियों का कहना है कि विद्युत व्यवस्था से संबंधित शिकायतों का समाधान नियमानुसार किया जाता है, लेकिन इस प्रकार गाली-गलौज और धमकी देना उचित नहीं है।
पुलिस ने प्रार्थना पत्र के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।
देवगवां विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता जगदीश प्रसाद ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। इस संबंध में पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया गया है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई कराई जाएगी।