बीएसए ने उठाया फावड़ा और लगाई झाड़ू, शिक्षकों को दिया स्वच्छता का संदेश।

Vijaydoot News

विद्यालयों में गंदगी देखकर खुद सफाई में जुटीं बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति

मथुरा। बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति गुरुवार को मांट और पैगांव क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों के निरीक्षण पर पहुंचीं। निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में गंदगी और झाड़ियां देखकर उन्होंने शिक्षकों को केवल निर्देश देने के बजाय स्वयं सफाई की पहल की।

बीएसए ने हाथ में फावड़ा उठाया और विद्यालय परिसर में उगी झाड़ियों एवं घास की सफाई शुरू कर दी। इसके बाद उन्होंने कक्षा में स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। बीएसए को इस तरह सफाई करते देखकर विद्यालय के शिक्षक भी उनके साथ सफाई अभियान में जुट गए। उन्होंने शिक्षकों और बच्चों के साथ मिलकर विद्यालय प्रांगण को स्वच्छ किया।

निरीक्षण के दौरान बीएसए ने विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था का भी जायजा लिया और बच्चों की पढ़ाई-लिखाई से संबंधित व्यवस्थाओं को परखा।

इस अवसर पर रतन कीर्ति ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। बदलाव की पहल स्वयं से करनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और व्यवस्थित विद्यालय ही बेहतर शिक्षा की मजबूत नींव है।

बीएसए के इस कदम से विद्यालय के शिक्षक भी प्रभावित नजर आए और उन्होंने विद्यालय परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संकल्प लिया।