रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी बड़ी संख्या में महिलाएं एवं बच्चे जिला कारागार, मथुरा में बंद अपने परिजनों से मुलाकात करने पहुंचे। इस दौरान उत्तर प्रदेशीय अपराध निरोधक समिति की ओर से मुलाकात के लिए आने वाले लोगों के लिए फल, शीतल जल एवं बच्चों के लिए चॉकलेट-टॉफियों का वितरण किया गया।
उत्तर प्रदेशीय अपराध निरोध समिति, लखनऊ के चेयरमैन कमलेश श्रीवास्तव के निर्देशानुसार जिला अपराध निरोधक समिति द्वारा जिला कारागार परिसर के बाहर विशेष शिविर लगाया गया। शिविर में समिति के मंडल सचिव कपिलदेव शर्मा, जिला सचिव योगेश अग्रवाल, गोवर्धन सचिव महेश शर्मा, मुकुल शर्मा एवं अचल शर्मा ने सहयोग किया।
जेल अधीक्षक अंशुमान गर्ग ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर जिला कारागार में करीब 2100 महिलाओं एवं बच्चों ने अपने परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान मुलाकात के लिए आने वाली महिलाओं को पीने के लिए शीतल जल एवं फल तथा बच्चों को चॉकलेट-टॉफियां वितरित की गईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ जेल अधीक्षक अंशुमान गर्ग ने स्वयं फल एवं जल वितरित कर किया। कारापाल सुरेंद्र मोहन ने बताया कि पर्व के दौरान आने वाले मुलाकातियों की सुविधा को देखते हुए समिति की ओर से यह सेवा शिविर लगाया गया। इससे गर्मी और भीड़ के बीच मुलाकात के लिए आने वाली महिलाओं एवं बच्चों को काफी राहत मिली।