रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। शादी कराने के नाम पर 1 लाख 15 हजार रुपये की कथित ठगी करने वाले गिरोह का सुरीर पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में एक कथित लुटेरी दुल्हन समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 45 हजार 10 रुपये की नकदी और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
नगला जयसिंह निवासी चंद्रभान ने थाना सुरीर में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि उसके बेटे की शादी कराने के नाम पर उससे 1 लाख 15 हजार रुपये लिए गए। इसके बाद उसे अलीगढ़ स्थित पनेठी देवी मंदिर ले जाया गया, जहां एक युवती के साथ उसके बेटे की शादी कराई गई।
शादी के बाद युवती को चंद्रभान के गांव भेज दिया गया। आरोप है कि गांव पहुंचने के बाद युवती अपने कथित साथियों इरफान और सुंदर के साथ फरार हो गई। शिकायत मिलने पर सुरीर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को खायरा चौकी क्षेत्र में खंडहर खायरा कोठी के पास पेड़ के नीचे से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुंदर पुत्र दुर्गा निवासी अग्रयाला, थाना शेरगढ़, उम्र करीब 48 वर्ष, इरफान पुत्र इकबाल निवासी डींग गेट नई बस्ती, थाना गोविंद नगर, उम्र करीब 28 वर्ष और काजल उर्फ रूबीना के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, सुंदर के कब्जे से 15,500 रुपये और रियलमी मोबाइल, इरफान के पास से 22,010 रुपये और रियलमी मोबाइल, जबकि काजल उर्फ रूबीना के कब्जे से 7,500 रुपये और सैमसंग मोबाइल बरामद किया गया है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सीओ मांट अमरनाथ यादव ने बताया कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।