रक्षाबंधन पर घर लौटे युवक को बदमाशों ने मारी तीन गोलियां।

Vijaydoot News

•घर के बाहर बाइक सवार तीन हमलावरों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग।
•लखनऊ ट्रामा सेंटर में हालत नाजुक।

सुल्तानपुर। रक्षाबंधन पर परिवार के साथ त्योहार मनाने मध्य प्रदेश से घर लौटे 40 वर्षीय युवक विपिन सिंह को शुक्रवार देर रात बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी। ढेमा चौराहे पर घर के बाहर हुई फायरिंग में विपिन के बाएं सीने में तीन गोलियां लगीं। गंभीर हालत में उन्हें लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
   घटना शुक्रवार रात करीब 11.45 बजे की बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार, विपिन घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान तीन बाइक सवार हमलावर पहुंचे और उन पर फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां लगने से विपिन जमीन पर गिर पड़े। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। परिजन उन्हें सीएचसी मोतिगरपुर लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सुल्तानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने लखनऊ ट्रामा सेंटर भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में वारदात के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। मुड़हा निवासी शिवम सिंह और इंद्रसेन सिंह के परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद बताया जा रहा है। घायल विपिन इंद्रसेन सिंह के पुत्र हैं। विपिन के चाचा दान बहादुर सिंह की तहरीर पर पुलिस ने शिवम सिंह और दो अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने घटनास्थल से चार खोखे बरामद किए हैं। सीओ जयसिंहपुर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।