मथुरा : दिव्य होगा 5253 वां श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, कलहंस पुष्प बंगले में विराजेंगे ठाकुर जी।

Vijaydoot News

मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भगवान श्रीकृष्ण के 5253 वें जन्मोत्सव की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। श्रीकृष्ण जन्मभूमि सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा और सदस्य गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी ने बताया कि इस बार का जन्मोत्सव अत्यंत दिव्य और भव्य होगा। इस बार ठाकुर जी कलहंस पुष्प बंगले में विराजमान होंगे और पंचरंगी पोशाक धारण करेंगे।

ठाकुर जी के लिए 200 किलो चांदी से दिव्य पालना सजाया गया है। रात 12 बजकर 10 मिनट पर कामधेनु गौ के दूध से महाभिषेक होगा और 12.25 से 12.40 तक नवजात स्वरूप के दर्शन होंगे। इस बार महाभिषेक के बाद गौ-रक्षा का संकल्प भी लिया जाएगा।

3 सितंबर गुरुवार शाम 5.30 बजे काशी विश्वनाथ धाम से प्रभु प्रसाद और अयोध्या धाम से अभिषेक सामग्री के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। 1 से 5 सितंबर तक रोज शाम 7 से 11 बजे तक पंचजन्य ऑडिटोरियम में श्रीकृष्ण लीलाओं का मंचन होगा।

भक्तों से अपील

संस्थान ने देश के सभी राज्यों, सभी जिलों और विदेश से आए हुए सभी भक्तों से अपील की है कि सभी भक्त ठाकुर जी के दर्शन आराम से करें, धक्का-मुक्की न करें। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें और किसी को परेशानी न होने दें। सभी जिलों से आए भक्त आकर ठाकुर जी के दर्शन अवश्य करें और अपना जीवन सफल करें।