•पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में लगी गोली
•इंस्पेक्टर क्राइम भी बाल-बाल बचे एक आरोपी फरार।
सुल्तानपुर। पुरानी रंजिश के चलते युवक को गोली मारकर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। शनिवार देर रात रामपुर नहर तिराहे के पास हुई मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी। उन्हें उपचार के लिए सीएचसी मोतिगरपुर में भर्ती कराया गया है। वहीं, अंधेरे का फायदा उठाकर एक आरोपी मौके से फरार हो गया।
मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग में मोतिगरपुर थाने के इंस्पेक्टर क्राइम चंद्रभान वर्मा के बाएं कंधे को छूते हुए गोली निकल गई। वह बाल-बाल बच गए। जानकारी के अनुसार, मोतिगरपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार रात पुरानी रंजिश को लेकर विपिन सिंह पुत्र इंद्रसेन सिंह पर गोली मारकर जानलेवा हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल विपिन को प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर किया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना के संबंध में विपिन के चाचा दान बहादुर सिंह की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपी सहित दो अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को निर्देश दिए थे।
पुलिस के मुताबिक शनिवार रात सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी दो बाइकों से कहीं जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रामपुर नहर तिराहे के पास घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखते ही बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुड़हा निवासी शिवम सिंह पुत्र स्व. अवधेश सिंह के दाहिने पैर और रतन निषाद पुत्र श्रीराम निषाद के बाएं पैर में गोली लगी। दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने इनके साथ सत्यम गौतम पुत्र पंकज कुमार निवासी मुड़हा को भी गिरफ्तार किया है।
वहीं बरियापुर, दोस्तपुर निवासी रमन पुत्र भगवान दीन अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुड़हा निवासी शिवम सिंह और इंद्रसेन सिंह के परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद और रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश के चलते विपिन सिंह को निशाना बनाए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ ही हमले में शामिल अन्य लोगों और वारदात के पीछे की पूरी वजह की जांच कर रही है। घायल आरोपियों का सीएचसी मोतिगरपुर में उपचार कराया जा रहा है।